सैनिक स्कूल अंबिकापुर में कक्षा 6वीं एवं 9वीं में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू,
जशपुरनगर 14 नवंबर 2026/ शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सैनिक स्कूल अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) में कक्षा 6वीं एवं 9वीं में प्रवेश हेतु अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जाने वाली इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से सैनिक स्कूल एवं नवीन सैनिक स्कूलों में विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन 3 नवंबर से प्रारंभ हो चुके हैं। इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक 2 दिसंबर 2026 को रात्रि 11:50 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क का भुगतान भी 2 दिसंबर तक किया जा सकेगा। निर्धारित तिथि के बाद विलंब शुल्क 500 रुपये के साथ 3 दिसंबर से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन करने की सुविधा रहेगी। आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन 7 दिसंबर से 9 दिसंबर 2026 तक किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी होगी तथा प्रवेश पत्र 25 जनवरी 2027 से डाउनलोड किए जा सकेंगे। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) पर आधारित होगी तथा पेन एवं पेपर (ओएमआर शीट) के माध्यम से आयोजित की जाएगी। कक्षा 6 वीं की परीक्षा की अवधि 150 मिनट निर्धारित है, जो 13 माध्यमों में आयोजित होगी। वहीं कक्षा 9वीं की परीक्षा 180 मिनट की होगी तथा इसका माध्यम अंग्रेजी रहेगा। इच्छुक अभ्यर्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट **https://exams.nta.ac.in/sainik-school-society/** अथवा **https://nta.ac.in/** पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
