डीईओ ने किया स्कूलों का निरीक्षण,बोर्ड परीक्षा मे बेहतर प्रदर्शन हेतु छात्रों को किया प्रोत्साहित

बलौदाबाजार,13 नवम्बर 2026/जिला शिक्षा अधिकारी एस. के. गेंदले ने.आज जिले के हायर सेकेंडरी स्कूल तेलासी, सेजेस (स्वामी आत्मानंद) लवन और हाई स्कूल डोंगरा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीईओ ने कक्षाओं में जाकर बच्चों से सीधे संवाद किया, उनकी पढ़ाई-लिखाई का स्तर जांचा और शिक्षकों से शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली।उन्होंने 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं से विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षा है। नियमित पढ़ाई, समय-सारणी, पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्रों का अभ्यास और आत्मविश्वास से ही अच्छे अंक लाए जा सकते हैं। उन्होंने बच्चों को मोबाइल का सदुपयोग करने, लक्ष्य बनाकर पढ़ने और कठिन विषयों पर ज्यादा ध्यान देने का सुझाव दिया।
साफ-सफाई और मध्यान्ह भोजन पर दिए निर्देश
गेंदले ने विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष, शौचालय और पेयजल व्यवस्था की साफ-सफाई का निरीक्षण किया और उसे और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन समूह को बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक, ताजा और गुणवत्तापूर्ण भोजन देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भोजन में स्वच्छता और पोषण में कोई समझौता नहीं होना चाहिए।