राष्ट्रीय बागवानी मिशन अंतर्गत शेड नेट हाऊस स्थापना के लिए मिली सहायता
– कृषक जितेन्द्र कुमार वर्मा ने खेती में बढ़ाया मुनाफा
राजनांदगांव 06 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय बागवानी मिशन अंतर्गत संरक्षित खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को विभिन्न सुविधाएं एवं अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। संरक्षित खेती के माध्यम से किसान मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से फसल को बचाते हुए गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम माड़ीतराई के कृषक जितेन्द्र कुमार वर्मा ने भी राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत शेड नेट हाऊस स्थापित कर खेती को नई दिशा दी है। कृषक जितेन्द्र कुमार वर्मा के खेत में वर्ष 2024-25 में 4000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में लगभग 28 लाख रूपए की लागत से नेट हाऊस स्थापित किया गया। राष्ट्रीय बागवानी मिशन अंतर्गत 14 लाख 20 हजार रूपए का अनुदान प्राप्त हुआ। शेड नेट हाऊस स्थापित होने के बाद कृषक जितेन्द्र कुमार वर्मा संरक्षित वातावरण में विभिन्न फसलों की पौधे तैयार कर रहे हैं, जिससे उन्हें खेती में बेहतर लाभ प्राप्त हो रहा है।
कृषक जितेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि शेड नेट हाऊस के भीतर तैयार की गई पौधे सामान्य परिस्थितियों की तुलना में बेहतर गुणवत्ता की होती है। संरक्षित वातावरण के कारण पौधों को अनुकूल परिस्थितियां मिलती हैं और समय से पहले पौधे तैयार करना संभव हो पाता है। उन्होंने नेट हाऊस में प्याज की नर्सरी, नवलगोल तथा फूलगोभी की पौधे तैयार की है। समय से पहले पौधे तैयार होने के कारण फसल की रोपाई भी सामान्य समय से पहले कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि समय से पहले फसल बाजार में आने का सीधा लाभ किसानों को बेहतर बाजार मूल्य के रूप में मिलने की संभावना रहती है। शेड नेट हाऊस के माध्यम से तैयार किए गए पौधे खेती में सुविधा मिली है। साथ ही उत्पादन की गुणवत्ता और आय बढ़ाने के नए अवसर भी मिले हैं। उन्होंने राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत शेड नेट हाऊस स्थापित करने के लिए मिली सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
