डोंगरगढ़ में सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों तक पहुंची शासन की योजनाएं

– कृषि उपज मंडी प्रांगण में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी
– हितग्राहियों ने सौर ऊर्जा अपनाने के बाद बिजली बिल में हुई बचत एवं योजना से मिले लाभ के अनुभव किए साझा
– उत्कृष्ट कार्य करने वालों एवं प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
राजनांदगांव 06 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार नागरिकों को शासन की योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं से जोडऩे का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में कृषि उपज मंडी प्रांगण डोंगरगढ़ में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा एक ही स्थान पर स्टॉल लगाकर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
सेवा सेतु शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, कृषि, उद्यानिकी, विद्युत, स्वास्थ्य, मत्स्य, खाद्य, पशुधन विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित कुल 18 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। नागरिकों से विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण की कार्रवाई की जा रही है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित मेरे सपनों का भारत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शिविर में पुरस्कृत किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार विद्युत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापित करने वाले हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। हितग्राहियों ने सौर ऊर्जा अपनाने के बाद बिजली बिल में हुई बचत एवं योजना से मिले लाभ के अनुभव भी साझा किए।
शिविर में मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लता अजय सिन्हा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमन डोंगरे, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हीराराम वर्मा, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती उमा महेश वर्मा, जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति श्रीमती अनिता मंडावी, पूर्व विधायक रामजी भारती एवं विनोद खांडेकर, तरूण हथेल, जनपद सदस्य श्रीमती प्रतिमा खरे एवं श्रीमती रामकुंवर कमड़े, अनिल सिन्हा, कमलेश्वर वर्मा, सौमित्र सोनी, बलविन्दर सिंह भाटिया, जैन कुमार मेश्राम, अमित बोस, जसमीत सिंह बंनोआना, विनय बंसल, पार्षद सुमित ताम्रकार, एल्डरमैन श्रीमती लक्ष्मी यादव तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगढ़ उपस्थित थे। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पीआरपी, बिहान कैडर की दीदियां एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।