दाऊटोला में सेवा सेतु अभियान का कलस्टर स्तरीय शिविर आयोजित
मोहला 06 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेतु अभियान के तहत आज विकासखंड अंबागढ़ चौकी ग्राम दाऊटोला में कलस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों को पंजीकृत कराया।
दाऊटोला कलस्टर के अंतर्गत गोर्राटोला, आतरगांव, पांगरी, बुटाकसा, केसला, छछानपाहरी, बहोरनमेडी, दाऊटोला, आटरा, थुहाडबरी, हितागुटा, ब्राम्हणमेडी, सांगली, माहूद मचांदुर एवं कोटरा ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इन ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले ग्रामों के ग्रामीण शिविर में उपस्थित होकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए।
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आवास पूर्णता प्रमाण पत्र एवं चाबी वितरण, वीबी-जी राम जी योजना के स्वीकृति आदेश, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय के स्वीकृति आदेश, लखपति दीदी प्रशस्ति पत्र तथा समूह बैंक ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्युत विभाग द्वारा पीएम सूर्यघर योजना से संबंधित स्वीकृति एवं लाभ प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा किसान समृद्धि योजना का लाभ दिया गया, जबकि उद्यानिकी विभाग द्वारा पौधा वितरण किया गया। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा टी.बी. निश्चय मित्र एवं आयुष्मान कार्ड से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किए गए तथा मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही भी की गई।
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित यह सेवा सेतु शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीणों के बीच सीधे संपर्क का माध्यम बना। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन की सुविधा तथा पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
– अंबागढ़ चौकी के टाउन हॉल में भी पहुंचा सेवा संकल्प अभियान
इसी क्रम में अंबागढ़ चौकी नगरीय क्षेत्र के टाउन हॉल में भी सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेतु अभियान का आयोजन किया गया। शिविर में नगरीय क्षेत्र के नागरिकों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर उपस्थित नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की गई। इस पहल से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरलता एवं सुगमता से प्राप्त करने का अवसर मिला।
