‘नमो सेवा गाथा—अनकही कहानियां’ पर विद्यार्थियों ने दी प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति
– जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक बदलाव और विकसित भारत 2047 के संकल्प को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से किया प्रस्तुत
मोहला, 06 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज स्व. लाल श्याम नवीन महाविद्यालय, मोहला में ‘नमो सेवा गाथा—अनकही कहानियां’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्व. लाल श्याम नवीन महाविद्यालय एवं नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय, मोहला के छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। महाविद्यालय के शिक्षकों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। नुक्कड़ नाटक में किसान, मजदूर, डॉक्टर, सैनिक, युवा, व्यापारी, महिला एवं विद्यार्थी सहित समाज के विभिन्न वर्गों की परिस्थितियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्कूल, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, डिजिटल इंडिया, यूपीआई एवं ऑपरेशन सिंदूर जैसे विषयों को नाट्य प्रस्तुति में शामिल किया। नाटक के माध्यम से शासकीय योजनाओं से आमजन को मिल रही सुविधाओं और विकसित भारत 2047 के संकल्प को मंच पर जीवंत रूप प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए श्रीमती नम्रता सिंह ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘अपने सपनों का भारत कैसा हो’ की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की। श्रीमती सिंह ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि प्रत्येक छात्र-छात्रा कम से कम एक सेवा कार्य करने का संकल्प लें, ताकि समाज, देश को बेहतर बनाने में अपना योगदान दिया जा सके। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सेवा कार्यों और जनभागीदारी के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
