विकसित ग्राम पंचायत प्लान को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
वीबी-जी राम जी के तहत ग्राम स्तर पर प्लानिंग संबंधी प्रशिक्षण’
’स्थानीय आवश्यकताओं और विकासात्मक अंतराल को चिन्हित कर प्राथमिकता वाले कार्यों की तैयार होगी योजना’
कोरिया 30 सितम्बर 2026/ जिले के प्रत्येक गांव की वास्तविक जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार किया जाएगा। इस प्रक्रिया में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसी उद्देश्य से विकसित भारत जी राम जी योजना अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने को लेकर जिला पंचायत के मंथन सभा कक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए आगामी ग्राम सभा में विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की प्रक्रिया एवं आवश्यक बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों को ग्राम की आवश्यकताओं का आकलन, उपलब्ध संसाधनों की जानकारी और विकास की प्राथमिकताओं के निर्धारण के संबंध में उन्मुखीकरण किया गया।
’युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से होगी प्लानिंग’
मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि विकसित ग्राम पंचायत प्लान में ग्राम पंचायत की मौजूदा परिसंपत्तियों, स्थानीय आवश्यकताओं और विकासात्मक अंतराल को चिन्हित कर प्राथमिकता वाले कार्यों की योजना तैयार की जाएगी। इसके लिए युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से आधारभूत आंकड़ों का संकलन, परिसंपत्तियों का मानचित्रण, आवश्यकताओं की प्रविष्टि और संभावित कार्यस्थलों की पहचान जैसी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन पूरा किया जाएगा।
प्रशिक्षण में जल उपलब्धता और स्थानीय जरूरतों के वैज्ञानिक आकलन के आधार पर जल संरक्षण एवं इससे संबंधित कार्यों को ग्राम पंचायत की विकास योजना में शामिल करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। आगामी ग्राम सभा में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने तथा योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया।
’जिला एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि हुए शामिल’
विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने के लिए आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण में जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, सदस्य सुरेश सिंह, राजेश कुमार साहू, श्रीमती गीता राजवाड़े सहित अन्य जिला पंचायत सदस्य शामिल हुए। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत बैकुंठपुर एवं सोनहत के अध्यक्ष तथा जनपद सदस्य भी उपस्थित रहे।
