गढ़फूलझर बनेगा पवित्र धाम, विकास के लिए मुख्यमंत्री ने की एक करोड़ की घोषणा

गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण और विकास को मिलेगी नई गति, सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन व सार्वजनिक उद्यान भी बनेगा
महासमुंद। गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल गढ़फूलझर को पवित्र धाम के रूप में विकसित करने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल होकर गढ़फूलझर के विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान के निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन, सामाजिक गतिविधियों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बसना के गढ़फूलझर पहुंचकर गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े ऐतिहासिक स्थल पर मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे श्रद्धा एवं भक्ति से ओतप्रोत शबद कीर्तन समागम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गढ़फूलझर आने वाले समय में एक पवित्र धाम के रूप में विकसित होने जा रहा है। यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि गुरु नानक देव जी का पावन आगमन इस धरती पर हुआ था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, गुरु नानक देव जी के आगमन के समय यहां के राजा भैंना ने पांच एकड़ भूमि दान में दी थी। इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए इसका स्वर्णिम विकास किया जा रहा है। गढ़फूलझर में सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित सर्व समाज के लिए ऐसा पवित्र धाम विकसित करने का प्रयास है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बनेगा।
गुरु नानक देव जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने सिख समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिख समाज स्वाभिमानी, परोपकारी और परिश्रमी समाज है। गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। सिख समाज की लंगर परंपरा इस संदेश का जीवंत उदाहरण है, जहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और छोटे-बड़े का कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा मानवता और समानता के मूल्यों को सशक्त करती है।
उन्होंने कहा कि गढ़फूलझर और नानकसागर का विकास भी इसी भावना के अनुरूप किया जा रहा है। नानकसागर अपनी विशिष्ट पहचान और प्रसिद्धि की ओर अग्रसर है। इन स्थलों का विकास धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
धार्मिक पर्यटन और सामाजिक सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फूलझर का ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। जिस प्रकार छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, उसी प्रकार गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियां भी गढ़फूलझर और नानकसागर से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने बताया कि लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी ने यहां प्रवास कर समय बिताया था। यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। गढ़फूलझर एवं नानकसागर का सर्वांगीण विकास कर इसे पर्यटन, अध्यात्म और सामाजिक सद्भाव के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यहां की ऐतिहासिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, सिख समाज एवं सर्व समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.