बाबा गुरु घासीदास जयंती पर 1 दिसंबर को झलप में विशाल रक्तदान शिविर
सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगा आयोजन, सर्व समाज के लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील
महासमुंद। सतनाम धर्म के प्रवर्तक परम पूज्य संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की 270वीं जयंती के अवसर पर प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज युवा प्रकोष्ठ जिला महासमुंद द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मेकाहारा ब्लड बैंक के सहयोग से यह शिविर 1 दिसंबर 2026, मंगलवार को झलप में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य बाबा गुरु घासीदास जी के मानवता, समानता और सेवा के संदेश को रक्तदान के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज झलप परिक्षेत्र के अध्यक्ष भागीरथी मारकंडे एवं कोषाध्यक्ष किशन कोसरिया ने बताया कि शिविर का आयोजन 1 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक गुरुद्वारा के पास, मेन रोड झलप में किया जाएगा। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं सर्व समाज के लोग शामिल होकर स्वैच्छिक रक्तदान करेंगे।
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तेजराम चौलिक ने कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसका जीवन बचाना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। इसी भावना के साथ बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती को सेवा, समर्पण और मानव कल्याण के रूप में मनाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने जिले के समस्त सामाजिक पदाधिकारियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है।
तेजराम चौलिक ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने सत्य, अहिंसा, शांति और ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश देकर संपूर्ण मानव समाज को समानता एवं मानवता की राह दिखाई। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए रक्तदान जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में मानवता, भाईचारे और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
