कचरा प्रबंधन को मिलेगी नई रफ्तार, चार मणिकंचन केंद्रों का होगा उन्नयन
1.50 करोड़ रुपये से सूखे-गीले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना और उन्नयन, तुमाडबरी केंद्र से काम की शुरुआत
महासमुंद। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए नगर पालिका परिषद महासमुंद ने एक नई पहल शुरू की है। स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत सूखे एवं गीले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना और मौजूदा संयंत्रों के उन्नयन कार्य का शुभारंभ शुक्रवार को तुमाडबरी स्थित मणिकंचन केंद्र में हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने भूमिपूजन कर कार्य की शुरुआत की।
नगर क्षेत्र के चार मणिकंचन केंद्रों में यह कार्य प्रस्तावित है। इनमें तुमाडबरी, दलदली रोड वार्ड क्रमांक 11, खैरा और खरोरा केंद्र शामिल हैं। चारों केंद्रों में प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना एवं उन्नयन पर कुल 150.12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना से शहर में कचरे के पृथक संग्रहण और प्रसंस्करण की व्यवस्था को मजबूत करने के साथ स्वच्छता अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कचरे से तैयार होंगे उपयोगी संसाधन
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि स्वच्छता केवल नारा नहीं, बल्कि हमारी आदत और संस्कार बननी चाहिए। कचरे को बोझ समझने के बजाय संसाधन के रूप में देखना होगा। सूखे और गीले कचरे का अलग-अलग प्रसंस्करण होने से शहर को साफ रखने के साथ खाद और अन्य उपयोगी सामग्री भी तैयार की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि चारों मणिकंचन केंद्रों के उन्नयन से महासमुंद शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। नगर पालिका स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
घर से ही कचरा अलग करने की अपील
पालिका अध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके ही सफाई कर्मियों को सौंपें। इससे कचरे के प्रसंस्करण में आसानी होगी और उसकी उपयोगिता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ महासमुंद ही स्वस्थ महासमुंद की पहचान बनेगा।
कार्यक्रम में सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, पार्षद धनेंद्र चंद्राकर एवं नीरज चंद्राकर, पार्षद प्रतिनिधि रिंकू चंद्राकर, नगर पालिका के इंजीनियर, अधिकारी-कर्मचारी तथा एसएलआरएम केंद्रों के कर्मचारी उपस्थित थे।
