चार मौतों के बाद भी नहीं चेता करणी कृपा प्लांट प्रबंधन!

भट्ठी की सफाई में पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, बार-बार हादसों पर किसान कांग्रेस ने मांगी उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई
महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी-कौंवाझर स्थित करणी कृपा पावर स्टील प्लांट में एक बार फिर हुए गंभीर औद्योगिक हादसे ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 24 नवंबर की रात भट्ठी की सफाई के दौरान गर्म डस्ट अचानक पांच मजदूरों के ऊपर गिर गया, जिससे सभी गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को रायपुर के कालड़ा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां बर्न यूनिट में उनका उपचार जारी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच इस ताजा हादसे ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक नियमों के पालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मानिक साहू ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए जिला प्रशासन और राज्य शासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक ही प्लांट में बार-बार श्रमिकों का घायल होना और जान गंवाना बेहद गंभीर मामला है। आखिर कब तक मजदूर अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते रहेंगे? किसी भी औद्योगिक संस्थान में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि लगातार हादसे हो रहे हैं, तो यह जांच जरूरी है कि प्लांट में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं और औद्योगिक सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं।
पहले भी हो चुके हैं जानलेवा हादसे
प्लांट में दुर्घटनाओं का सिलसिला नया नहीं है। सितंबर 2024 में हुए हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। उपचार के दौरान भरत वर्मा और खिलेश्वर साहू की मौत हो गई थी। इसके बाद जनवरी 2025 में मिक्सचर मशीन की चपेट में आने से एक नाबालिग श्रमिक की जान चली गई। मार्च 2025 में भी प्लांट में झुलसने की घटनाएं सामने आई थीं।
इन अलग-अलग हादसों में अब तक चार श्रमिकों की मौत हो चुकी है। वहीं, ताजा दुर्घटना में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने प्लांट की कार्यप्रणाली और मजदूरों को उपलब्ध कराए जा रहे सुरक्षा संसाधनों की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों के विरोध के बावजूद संचालित होता रहा प्लांट
मानिक साहू ने कहा कि प्लांट की स्थापना के समय से ही ग्रामीणों ने इसका विरोध जताया था। ग्रामीणों की आशंकाओं और विरोध के बावजूद प्लांट का संचालन जारी रहा। अब लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंताओं को और गंभीर बना दिया है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा से जुड़े मामलों को केवल औपचारिकता मानकर नहीं देखा जा सकता। बार-बार हादसे होना इस बात की मांग करता है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए।
सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच की मांग
मानिक साहू ने प्रशासन से प्लांट की औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था, भट्ठियों के संचालन, सफाई प्रक्रिया, श्रमिकों को उपलब्ध कराए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों और श्रम कानूनों के पालन की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था और उन्हें उचित मुआवजा दिलाना भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मजदूर किसी भी उद्योग की उत्पादन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी जिंदगी की कीमत किसी भी औद्योगिक उत्पादन से कम नहीं हो सकती। प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि बार-बार हादसों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हुआ और पूर्व की घटनाओं के बाद क्या कार्रवाई की गई।
मानिक साहू ने कहा कि अब केवल आश्वासन और औपचारिक जांच से काम नहीं चलेगा। मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.