’सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 अक्टूबर को मिनी स्टेडियम में होंगे विविध कार्यक्रम’
’सेवा दान महाअभियान, वृद्धजन दिवस, स्वास्थ्य शिविर और ‘सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से जनभागीदारी पर विशेष पहल’
कोरिया 30 सितम्बर 2026/जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 अक्टूबर को बैकुण्ठपुर के शासकीय आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल के मिनी स्टेडियम में विभिन्न सेवा, स्वास्थ्य, जागरूकता और जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ सेवा दान महाअभियान और वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा। इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
’सेवा दान महाअभियान में बढ़ रही सहभागिता’
‘आइए, किसी चेहरे की मुस्कान का हिस्सा बनें’ की भावना के साथ जिले में सेवा दान महाअभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान में नागरिकों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, समाज प्रमुखों और विभिन्न प्रतिनिधियों की सहभागिता लगातार बढ़ रही है। सरपंच संघ सहित विभिन्न प्रतिनिधियों ने दान सामग्री उपलब्ध कराकर अभियान में सहभागिता की है।
इसी क्रम में ब्राह्मण समाज के संरक्षक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जय नाथ बाजपेई की ओर से वंचित बच्चों के सहयोग के लिए खिलौने प्रदान किए गए। वहीं ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष बृज नारायण मिश्रा ने भी बच्चों के लिए खिलौने दान कर अभियान में सहभागिता की।
अभियान के तहत घर में अनुपयोगी, लेकिन उपयोगी स्थिति में उपलब्ध कपड़े, किताबें, कॉपियां, खिलौने, शैक्षणिक एवं खेल सामग्री सहित अन्य वस्तुएं दान की जा सकती हैं। नागरिक क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन कर दान की जाने वाली सामग्री की जानकारी दर्ज करा सकते हैं।
1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रामानुज मिनी स्टेडियम में विशेष सेवा दान आयोजन होगा। नागरिक इस अवसर पर अपने घर की उपयोगी सामग्री लेकर पहुंच सकते हैं।
’वृद्धजन दिवस पर सम्मान के साथ स्वास्थ्य जांच’
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, वित्तीय संरक्षण संबंधी कार्यशाला तथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 से संबंधित जानकारी दी जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अनुकूल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
इसी अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक दिवसीय वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के साथ बीमारियों की समय पर पहचान, रोकथाम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
शिविर में एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत रक्तचाप और मधुमेह की जांच, आंख, हड्डी एवं सामान्य बीमारियों से संबंधित विशेषज्ञ स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड एवं आभा कार्ड का निर्माण, निःशुल्क दवा वितरण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों को पोषण आहार, दैनिक दिनचर्या, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।
जिला अस्पताल एवं स्वास्थ्य विभाग बैकुण्ठपुर के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम शिविर में उपस्थित रहेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
’विभिन्न जागरूकता गतिविधियां भी होंगी’
कार्यक्रम में डिजिटल साक्षरता, सड़क एवं साइबर सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग, अंगदान संकल्प, नशा-मुक्त भारत, वीरगाथा एवं सैनिक सम्मान तथा सैनिक कल्याण से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी नागरिकों और हितग्राहियों को दी जाएगी।
’‘सरकार आपके द्वार’ के तहत सेवा सेतु शिविर’
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत बैकुण्ठपुर और सोनहत विकासखंड में सेवा सेतु शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से संबंधित आवेदन एवं समस्याओं के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराना है।
बैकुण्ठपुर विकासखंड में 1 अक्टूबर को नगरीय निकाय बैकुण्ठपुर, 3 अक्टूबर को निकाय पटना और 4 अक्टूबर को ग्राम पंचायत बचरा में शिविर आयोजित होगा। वहीं सोनहत विकासखंड में 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कटगोड़ी और 5 अक्टूबर को ग्राम पंचायत रामगढ़ में शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पेंशन, जाति-निवास-आय प्रमाण पत्र, बी-1, नक्शा, खसरा विवरण एवं ऋण पुस्तिका सहित विभिन्न योजनाओं एवं राजस्व सेवाओं से संबंधित आवेदन और समाधान की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
’सेवा, सहयोग और जनभागीदारी का संदेश’
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को आवश्यक योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलेवासियों से सेवा दान महाअभियान में सहभागिता करने और अपने आसपास के लोगों को भी इससे जोड़ने की अपील की है।
