पंचायत टैक्स वसूली को लेकर युवक और उसकी नानी से मारपीट
महासमुंद। झलप बाजार में पंचायत टैक्स वसूली को लेकर विवाद के बाद तीन लोगों पर युवक और उसकी नानी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पटेवा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार झलप निवासी सन्नी चंद्रवंशी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके नाना अवधेश मिर्धा को पंचायत की ओर से झलप बाजार में फुटकर दुकान लगाने वालों से दैनिक पंचायत टैक्स वसूलने का ठेका मिला है। 28 सितंबर को सन्नी अपने नाना के कहने पर बाजार में टैक्स वसूली करने गया था। इस दौरान दिलीप ध्रुवंशी से टैक्स की राशि मांगने को लेकर दोनों के बीच बहसबाजी हो गई। इसके बाद सन्नी वहां से घर लौट आया।
शिकायत के मुताबिक उसी शाम करीब 7 बजे प्रमोद ध्रुवंशी, चंद्रहास ध्रुवंशी और प्रमोद ध्रुवंशी का भांजा अवधेश मिर्धा के घर के सामने पहुंचे। उन्होंने दिलीप ध्रुवंशी से विवाद करने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद की आवाज सुनकर सन्नी की नानी रीता देवी मिर्धा बीच-बचाव करने पहुंचीं।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने सन्नी और उसकी नानी के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पटेवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
