गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस घोषित
देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान रहेगी बंद
गरियाबंद, 30 सितम्बर 2026/गांधी जयंती 02 अक्टूबर के अवसर पर गरियाबंद जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। उक्त दिवस को जिले की समस्त देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानें तथा कम्पोजिट मदिरा की फुटकर दुकानें एवं अहाता पूर्णतः बंद रहेगी। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शुष्क दिवस में किसी भी अधिकृत एवं अनाधिकृत स्थानों से मदिरा का अवैध निर्माण, आधिपत्य, परिवहन, क्रय-विक्रय, भण्डारण तथा तस्करी न हो इस पर पूर्ण नियंत्रण रखने तथा शिकायत प्राप्त होने पर सख्ती से रोक लगाने और उन्हें जप्ती की कार्यवाही करने जिला आबकारी अधिकारी को आदेशित किया है।
–00–
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर 01 अक्टूबर को नहरगांव में
गरियाबंद, 30 सितंबर 2026/ सेवा सेतु अभियान-‘सरकार आपके द्वार’ के तहत सेवा सेतु शिविर जिले के सभी विकासखण्डों आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में गरियाबंद विकासखण्ड में 01 अक्टूबर को नहरगांव के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा तथा प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।
