महानदी के बाढ़ के पानी में फंसे दो कर्मचारी, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला
मुंढ़ेना इंटेकवेल चारों ओर से पानी से घिरा, दोनों कर्मचारी पूरी रात भूखे-प्यासे रहे; पालिका अध्यक्ष मौके पर डटे रहे
महासमुंद। लगातार हो रही बारिश और एनीकट से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। बाढ़ का पानी मुंढ़ेना स्थित इंटेकवेल तक पहुंचने से पूरा परिसर पानी से घिर गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात नगर पालिका के दो कर्मचारी तुलाराम रात्रे और हीरालाल पटेल इंटेकवेल में फंस गए। दोनों कर्मचारी पूरी रात बाढ़ के पानी के बीच फंसे रहे और भूखे-प्यासे सुबह होने का इंतजार करते रहे।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए जल प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को भी सूचना दी, जिसके बाद बाढ़ रेस्क्यू टीम को मुंढ़ेना इंटेकवेल के लिए रवाना किया गया।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम बोट, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू भी स्वयं इंटेकवेल स्थल पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर डटे रहकर कार्रवाई की निगरानी करते रहे। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बाढ़ से शहर की जलापूर्ति भी प्रभावित
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि बाढ़ का पानी इंटेकवेल को चारों ओर से घेर लेने के कारण शहर की जलापूर्ति भी प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि जलस्तर कम होने के बाद ही इंटेकवेल से जलापूर्ति व्यवस्था को दोबारा सुचारू किया जा सकेगा।
रेस्क्यू अभियान के दौरान जिला कमांडेंट नगर सेना, जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकर, नगर पालिका के कर्मचारी, बाढ़ रेस्क्यू टीम के जवान, मुंढ़ेना के सरपंच, सचिव, पटवारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
