गुटखा खरीदने रुका था फोटोग्राफर, दो युवकों ने गाली-गलौज कर पीटा
महासमुंद। पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीडीपा में पैसे नहीं देने की बात को लेकर एक फोटोग्राफर के साथ दो लोगों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पटेवा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जोगीडीपा निवासी यशवंत कुमार बंजारा फोटोग्राफी का काम करता है। 1 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे वह वजीर मियां के साथ जोगीडीपा स्थित चाय दुकान में गुटखा खरीदने के लिए रुका था। इसी दौरान गांव के ही जगत कुमार जांगड़े और यादराम साहू वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पैसे क्यों नहीं दे रहे हो, कहते हुए यशवंत से गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की।
घटना के बाद यशवंत ने पटेवा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जगत कुमार जांगड़े और यादराम साहू के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
