सिगरेट पिलाने की बात पर विवाद, चाकू और टंगिया से हमला

महासमुंद। सिगरेट पिलाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और जानलेवा हमले तक पहुंच गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नयापारा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में चाकू और टंगिया से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड-6 नयापारा निवासी वेंकट राव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 22 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे मोहल्ले में अश्वनी ध्रुव और तीरथ साहू सिगरेट पी रहे थे। वेंकट ने अश्वनी से सिगरेट पिलाने को कहा। इस बात पर तीरथ ने मना करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। इसके बाद उसने अपने बड़े भाई सुखदेव साहू को बुलाया और दोनों ने वेंकट के साथ मारपीट की।
शिकायत के मुताबिक, उसी दिन शाम करीब 4 बजे सुखदेव साहू और उसके पिता बिसंभर साहू वेंकट के घर के सामने पहुंचे और फिर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इस दौरान वेंकट के दोस्त सज्जू खान और राकेश चौहान बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि सुखदेव ने चाकू से और बिसंभर ने टंगिया से दोनों पर हमला कर दिया।
मारपीट में वेंकट के बाएं हाथ की उंगली, दाहिनी कोहनी और कमर में चोटें आईं। वहीं सज्जू खान के सीने और गर्दन तथा राकेश चौहान के हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में धारा 109(1), 296 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।