64 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, शिक्षा की राह हुई आसान
घुंचापाली कला और बकमा में सरस्वती साइकिल वितरण समारोह; ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत जिला पंचायत क्षेत्र के ग्राम घुंचापाली कला और बकमा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कुल 64 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी शिक्षा की निरंतरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
घुंचापाली कला में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने 25 छात्राओं को साइकिल वितरित की। वहीं ग्राम बकमा में आयोजित कार्यक्रम में 39 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बकमा के सरपंच लिलेश्वर बल्ला साहू ने की।
इस अवसर पर भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा मिलने से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेटियों को शिक्षा, अवसर और आत्मनिर्भरता के साधन उपलब्ध कराकर ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
बकमा में साइकिल वितरण के बाद अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बेटियां सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को भी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी बताया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य मधुलिका चंद्राकर, सरपंच देव बरिहा, अंजोर सिंह ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, लिलेश्वर बल्ला साहू, उपसरपंच कमल नारायण साहू, मिलन कुमार साहू, भुनेश्वर पटेल, हृदय राम साहू, पुरन शबर, ओमप्रकाश ध्रुव, गिरीश हिन्दुस्तानी, अशोक चक्रधारी, ज्ञान सिंह चक्रधारी, नेतराम साहू, वरिष्ठ पत्रकार ललित सोनी, प्रखर चंद्राकर, प्राचार्य खेदू राम चंद्राकर सहित शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
