हनुमान मंदिर में चोरी, 29 हजार का सामान और दानपेटी की रकम पार

महासमुंद। शहर के वार्ड-2 इमलीभाठा स्थित हनुमान मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। अज्ञात चोर मंदिर से पीतल के घंटे, तांबे के बर्तन, चांदी के नेत्र, एम्पलीफायर समेत करीब 29 हजार रुपये का सामान और दानपेटी में रखी नकदी चोरी कर ले गए। मंदिर समिति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आवेदन में इमलीभाठा निवासी दीपक साहू ने बताया कि 21 अगस्त की रात करीब 10 बजे से 22 अगस्त की सुबह 7:30 बजे के बीच अज्ञात चोर मंदिर में घुसे। चोरों ने मंदिर में लगे पीतल के तीन बड़े घंटे, एक तांबे की कलश, दो तांबे के लोटे, एक फूल कांस की थाली और चांदी के छह नेत्र चोरी कर लिए।
इसके अलावा मंदिर में लगा करीब 15 हजार रुपये कीमत का एम्पलीफायर भी चोर ले गए। चोरों ने मंदिर की दानपेटी को भी नहीं छोड़ा और उसमें रखे करीब 4 हजार रुपये भी पार कर दिए। चोरी गए सामान और नकदी की कुल अनुमानित कीमत करीब 29 हजार रुपये बताई गई है। 22 अगस्त की सुबह मंदिर पहुंचने पर समिति के सदस्यों को चोरी की जानकारी हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।