फार्म हाउस में सजी थी जुए की महफिल, पुलिस की दबिश में तीन गिरफ्तार
साल्हेतराई में काट-पत्ती खेलते पकड़े गए जुआरी, 8,500 रुपए नकद समेत 2.08 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम साल्हेतराई स्थित एक फार्म हाउस में जुए की महफिल सजी थी। यहां 52 पत्ती ताश से काट-पत्ती का खेल खेलते हुए पुलिस ने तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 8,500 रुपए नकद, चार मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल समेत कुल 2 लाख 8 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि साल्हेतराई स्थित सूर्यकांत मिश्रा के फार्म हाउस में कुछ लोग एकत्र होकर रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही बसना पुलिस ने टीम गठित कर फार्म हाउस की घेराबंदी की और दबिश दी।
दबिश में तीन आरोपी पकड़े गए
पुलिस की छापेमारी के दौरान जुआ फड़ से मोहम्मद सकील (40), जुनेद खान (32) और जितेन्द्र साहू (39), सभी निवासी बसना को गिरफ्तार किया गया। वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही सूर्यकांत मिश्रा निवासी खुर्सीपहार और मनीष गुप्ता निवासी बसना मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
8,500 रुपए नकद और चार बाइक जब्त
पुलिस ने जुआ फड़ से 8,500 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश, चार मोबाइल फोन कीमत करीब 50 हजार रुपए तथा चार मोटरसाइकिल कीमत करीब 1.50 लाख रुपए जब्त की हैं। इस तरह पुलिस ने जुआरियों की कुल 2,08,500 रुपए की संपत्ति जब्त की।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
