छह जगहों पर दबिश, 34.860 लीटर महुआ-देशी शराब जब्त

नौ आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी कब्जे में
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने एक साथ कई थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। पुलिस ने पिथौरा, बसना, पटेवा और सरायपाली थाना क्षेत्रों के छह मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 34.860 लीटर अवैध महुआ व देशी शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 10,808 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। सभी मामलों में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
लाखागढ़ में घर-बाड़ी से 15 लीटर महुआ शराब जब्त
पिथौरा थाना क्षेत्र के इंदिरा कॉलोनी लाखागढ़ में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहन वासुदेव (52) और उसके पुत्र रवि वासुदेव (25) के घर-बाड़ी में दबिश दी। पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से बिक्री के लिए रखी 15 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 3,000 रुपये है, बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
लहरौद के ढाबे में 3.240 लीटर शराब बरामद
पिथौरा के लहरौद पड़ाव स्थित हमर ढाबा में भी पुलिस ने दबिश दी। यहां शरद तिवारी (20), फेगन प्रजापति और राजेंद्र प्रजापति को 3.240 लीटर देसी प्लेन शराब के साथ पकड़ा गया। जब्त शराब की कीमत करीब 1,440 रुपये बताई गई है। मामले में कमलेश डडसेना फरार बताया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
बसना में दो आरोपियों से शराब जब्त
बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बिजराभाटा में पुलिस ने पंकज गुप्ता (28) के कब्जे से बिक्री के लिए रखी 6 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब जब्त की। इसकी कीमत करीब 1,200 रुपये है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इसी थाना क्षेत्र के ग्राम दुधीपाली स्थित ताला पुल के पास राकेश नायक (30) को 3.600 लीटर शराब के साथ पकड़ा गया। जब्त शराब की कीमत करीब 2,400 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
बाइक से शराब ले जाते पकड़ा गया आरोपी
पटेवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनएच-53 स्थित ग्राम टूरीडीह के पास श्याम नगर झलप निवासी हरिवंश मिर्धा (25) को शराब परिवहन करते पकड़ा। उसके कब्जे से 5.580 लीटर देसी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2,480 रुपये है। आरोपी जिस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जीएन 5227 से शराब ले जा रहा था, उसे भी जब्त किया गया है। बाइक की कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
माधोपाली में 1.440 लीटर महुआ शराब बरामद
सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम माधोपाली में पुलिस ने इच्छापुर निवासी दिनेश सिंह (48) को बिक्री के लिए रखी 1.440 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा। जब्त शराब की कीमत करीब 288 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।