नशे में पत्नी का गला दबाया, हत्या की नीयत का आरोप; पति पर जुर्म दर्ज

महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के अछरीडीह में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी का गला दबाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद डायल-112 पर फोन कर पत्नी की हत्या करने की बात कही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित धारा के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को डायल-112 में एक व्यक्ति ने फोन कर अपना नाम अछरीडीह निवासी रंजित चेलक बताया और पत्नी की हत्या करने की बात कही। सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तो कुमारी उर्फ जागेश्वरी यादव (23) घर में बेहोशी की हालत में मिली। उसका पति रंजित चेलक (30) अत्यधिक नशे में था। दोनों को तत्काल सीएचसी तुमगांव ले जाया गया।
पुलिस पूछताछ में रंजित ने बताया कि उसका पत्नी के साथ आए दिन विवाद होता था। 20 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह काम से घर लौटा और खाना खाने के बाद सो गया। 21 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह उठा और घर में रखी शराब दोनों ने पी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान रंजित ने पत्नी की हत्या करने की नीयत से उसका गला दबा दिया। पत्नी को मरा हुआ समझने के बाद उसने डायल-112 को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।