जर्जर सड़कों को लेकर पटरी पार संघर्ष मोर्चा का धरना

गड्ढों में पौधे लगाकर जताया विरोध, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन; जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
महासमुंद। पटरी पार क्षेत्र की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण एवं नई सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर पटरी पार संघर्ष मोर्चा ने संयोजक एवं पार्षद मुस्ताक खान विक्की के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने सड़क के गड्ढों में सांकेतिक रूप से पौधे लगाकर प्रशासन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
धरना स्थल पर पहुंचे तहसीलदार जुगल किशोर पटेल ने मोर्चा का ज्ञापन स्वीकार किया और मांगों से संबंधित विभाग को तत्काल अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
‘पटरी पार क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार’ का आरोप
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रभारी महामंत्री प्रदेश कांग्रेस कमेटी अमरजीत चावला ने कहा कि पटरी पार क्षेत्र में महासमुंद की बड़ी आबादी निवास करती है, इसके बावजूद क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता नहीं मिल रही है। उन्होंने अयोध्या नगर में जलभराव और खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सुरक्षित आवागमन नागरिकों का अधिकार है।
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने तुमगांव रोड की बदहाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है। जर्जर सड़कों और धूल के कारण दुर्घटनाओं के साथ बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुरमीत चावला ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान कागजी कार्रवाई से निकलकर धरातल पर नहीं हुआ तो कांग्रेस आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि यदि प्रशासन सड़क निर्माण की जिम्मेदारी नहीं संभाल पा रहा है तो यह कार्य नगर पालिका को सौंपा जाए। उन्होंने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी।
सभा को मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष नितेंद्र बैनर्जी, पूर्व पार्षद राजू साहू एवं गोपीचंद तारक ने भी संबोधित किया।
प्रदर्शन में कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, पार्षद, व्यापारी संघ, महिला समूह तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अशोक साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मोर्चा संयोजक पार्षद मुस्ताक खान विक्की ने किया।