महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान: कलेक्टर के मार्गदर्शन में 30 जुलाई को इतिहास रचेगी जिले की महिलाएं
बिहान की 90 हजार दीदियां निभाएंगी अहम भूमिका
बालोद, 29 जुलाई 2026/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी के निर्देशन में बालोद जिले में आगामी 30 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। ’महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ के तहत जिले की महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाएं एक ही समय में एक साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देंगी। इस भव्य आयोजन को पूरी तरह सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की लगभग 90 हजार दीदियां सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर रही हैं। बिहान समूह की ये महिलाएं न केवल स्वयं पौधारोपण करेंगी, बल्कि अन्य लाभान्वित महिलाओं को भी इस महाअभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित और जागरूक कर रही हैं। इस अभियान की मुख्य विशेषताओं के अंतर्गत एक समय और एक लक्ष्य तय किया गया है, जिसके तहत जिले की सभी हितग्राही महिलाएं एक निर्धारित समय पर अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण करेंगी। इसमें विशाल जनभागीदारी देखने को मिलेगी जहाँ बिहान की 90 हजार महिला सदस्यों के नेतृत्व में हजारों हितग्राही इस अभियान का हिस्सा बनेंगी। इस दौरान केवल वृक्षारोपण ही नहीं किया जाएगा, बल्कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प भी लिया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों, आजीविका परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और महिलाओं के निजी परिसरों में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए जाएंगे।
सहायक परियोजना अधिकारी नितेश साहू ने बताया कि जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत के सीईओ सुनील चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में बिहान की 90 हजार दीदियों को न केवल सामाजिक और पर्यावरणीय बदलाव का नेतृत्वकर्ता बनाना है, अपितु फलदार वृक्षों के रोपण से भविष्य में महिलाओं के लिए आजीविका का स्रोत भी तैयार करना है। इस हेतु प्रत्येक ग्राम में 02 से 03 प्रकार के विशेष रूप से फलदार पौधे प्रदाय किए जा रहे हैं, जिससे उत्पादित फलों आदि से आय का जरिया भी निर्मित हो सके। बिहान की कैडर एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं घर-घर संपर्क कर इस अभियान को एक जन-आंदोलन का रूप दे रही हैं। प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे महिलाओं के इस अनूठे प्रयास का उत्साहवर्धन करें और इस पौधरोपण महाअभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।
