आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन

स्लम बस्तियों तक पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
महासमुंद। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) वाहन को आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं और उपकरणों से अपडेट किया गया है। वाहन में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए कई नए संसाधन जोड़े गए हैं, जिससे शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर धर्मेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि अद्यतन एमएमयू वाहन के माध्यम से शहर की स्लम बस्तियों एवं विभिन्न वार्डों में पहुंचकर नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा दवा वितरण की सुविधा प्रदान की जा रही है। वाहन में उपलब्ध नई सुविधाओं के कारण मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। एमएमयू वाहन के आधुनिकीकरण से योजना की प्रभावशीलता में वृद्धि होगी और अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सकेगा।
श्री भारद्वाज ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में निर्धारित तिथि एवं समय पर पहुंचने वाले मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन का लाभ उठाएं तथा स्वास्थ्य जांच एवं उपचार सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करें।

इन्हें भी पढ़े