शाला प्रवेशोत्सव में विधायक ने किया नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत

निःशुल्क गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण, बच्चों को नियमित अध्ययन और मेहनत का दिया संदेश
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा मंगलवार को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुम्हारपारा में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। नई किताबें और गणवेश प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर विधायक श्री सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक चरण की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा कड़ी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं बुनियादी शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। विधायक ने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे समर्पण और मेहनत के साथ विद्यार्थियों को शिक्षित कर उन्हें देश के विकास में योगदान देने योग्य बनाएं।
श्री सिन्हा ने कार्यक्रम में उपस्थित पालकों से भी बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयुक्त वातावरण प्रदान करता है, इसलिए अभिभावकों को भी उनकी पढ़ाई और विद्यालयीन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा नेता पवन पटेल, संदीप दीवान, रामेश्वर पटवा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े