सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर पुलिस की पहल, 170 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में 9 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, विजेताओं को किया गया सम्मानित
महासमुंद। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत पुलिस ने विद्यार्थियों में राष्ट्रभावना, एकता और अखंडता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 170 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
भारत सरकार एवं संस्कृति मंत्रालय द्वारा सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर दो वर्ष की अवधि में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ‘रन फॉर यूनिटी’ सहित अनेक सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महासमुंद पुलिस द्वारा भी स्कूली विद्यार्थियों को इन आयोजनों से जोड़ते हुए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई।
नौ विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में शासकीय डीएमएस स्कूल महासमुंद, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अंग्रेजी माध्यम महासमुंद, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय हिंदी माध्यम महासमुंद, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अंग्रेजी माध्यम तुमगांव, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बेमचा, हायर सेकेंडरी स्कूल तुसदा, हायर सेकेंडरी स्कूल परसूली तथा हाई स्कूल लाफिन खुर्द सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
चित्रकला में इन विद्यार्थियों ने हासिल किया स्थान
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पंकज तारक ने प्राप्त किया। वे शासकीय डीएमएस स्कूल महासमुंद के विद्यार्थी हैं। द्वितीय स्थान खिलेश विश्वकर्मा, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बेमचा तथा तृतीय स्थान चेतन बंजारे, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अंग्रेजी माध्यम तुमगांव ने हासिल किया।
निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन
निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कु. दिव्या यादव, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बेमचा ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कु. दीक्षा साहू, शासकीय हाई स्कूल लाफिन खुर्द तथा तृतीय स्थान कु. मोनिका सेन, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तुसदा रहीं।
पुरस्कार वितरण कर बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती ललिता मेहर, रक्षित निरीक्षक एवं उप निरीक्षक बालमुकुंद साहू सहित संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति उनके योगदान से परिचित कराने के साथ ही बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा चित्रों और शब्दों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
