14 को मिनी स्टेडियम से निकलेगी तिरंगा दौड़

स्वतंत्रता दिवस से पहले जिला प्रशासन का आयोजन, बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी वर्गों की होगी भागीदारी
महासमुंद। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 14 अगस्त को जिला स्तरीय स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने की थीम पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय मिनी स्टेडियम में सुबह 8 बजे से होगी।
मिनी स्टेडियम से शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी तिरंगा दौड़
स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ मिनी स्टेडियम से प्रारंभ होकर बरोंडा चौक, शास्त्री चौक, सतबहनिया चौक, गांधी चौक और नेहरू चौक होते हुए वापस मिनी स्टेडियम पहुंचेगी। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
हर वर्ग की भागीदारी की अपील
खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद ने जिले के बच्चों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिला संगठनों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, खेल संघों, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, रेड क्रॉस, पुलिस बल, वन विभाग तथा मीडिया प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कलेक्टर ने आयोजन को सफल बनाने दिए निर्देश
कलेक्टर विजय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से तिरंगा दौड़ में उत्साहपूर्वक शामिल होकर आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
आयोजन की व्यवस्थाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, वन विभाग, जिला एवं जनपद पंचायत, नगर पालिका परिषद तथा लोक निर्माण विभाग को आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने कहा गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में सहभागिता कर स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित इस राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम को सफल बनाएं।