पात्र परिवार पीएम आवास योजना का लाभ लेने आगे आएं: विधायक
केंद्र-राज्य की डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजना, पक्का मकान उपलब्ध कराना उद्देश्य
महासमुंद। प्रधानमंत्री आवास योजना को केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना बताते हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने पात्र परिवारों से योजना का लाभ लेने के लिए अपना पंजीयन कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराकर उनके अपने आशियाने के सपने को साकार करना है।
विधायक सिन्हा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राही ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से, जबकि शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत अथवा नगर पालिका परिषद में आवश्यक दस्तावेज जमा कर योजना के लिए पंजीयन एवं आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। पात्रता की जांच एवं आवास स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार निर्धारित किस्तों में राशि उपलब्ध कराई जाती है।
चार चरणों में मिलती है आवास निर्माण की राशि
योजना के तहत आवास निर्माण की विभिन्न अवस्थाओं के अनुसार प्रथम किस्त ₹50 हजार, द्वितीय किस्त ₹1 लाख, तृतीय किस्त ₹50 हजार तथा कार्य पूर्ण होने पर ₹50 हजार की राशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रदान की जाती है। इसके अलावा निर्धारित समय-सीमा में आवास निर्माण पूरा करने वाले पात्र हितग्राहियों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का भी प्रावधान है।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। उन्होंने पात्र परिवारों से आगे आकर पंजीयन कराने, आवश्यक दस्तावेज जमा करने और योजना का लाभ लेकर अपने परिवार के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास सुनिश्चित करने की अपील की।
अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से भी कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दें तथा आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहें।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण की योजना नहीं, बल्कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान लाने का माध्यम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से “हर पात्र परिवार का सपना-अपना पक्का मकान, सुरक्षित परिवार और खुशहाल जीवन” के संकल्प के साथ योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
