भाजयुमो की बैठक में आगामी कार्यक्रमों की बनी रणनीति

हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा को सफल बनाने पर जोर, शहीद परिवारों से करेंगे मुलाकात
महासमुंद। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना को लेकर भाजयुमो महासमुंद विधानसभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी राष्ट्रव्यापी एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, भाजयुमो जिला प्रभारी अनु ठेठवार चटर्जी, जिला सहप्रभारी सत्यम चंद्राकर एवं भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमन वर्मा ने महासमुंद विधानसभा क्षेत्र में निवासरत भाजयुमो जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं महामंत्रियों को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा से अवगत कराया।
युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर
बैठक में आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, तिरंगा यात्रा तथा शहीद परिवारों के परिजनों से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पदाधिकारियों को इन कार्यक्रमों को प्रभावी एवं सफल बनाने के साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए।
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व और राष्ट्रभक्ति से जुड़े इन अभियानों के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने के साथ समाज में राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव का संदेश पहुंचाया जाएगा। मंडल स्तर तक कार्यक्रमों की बेहतर तैयारी और संगठनात्मक समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में भाजपा वरिष्ठ नेता नंदू जलक्षत्री, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष आकाश पाण्डे, दुर्गा शंकर दुबे, जिला मंत्री गीतिका सोनी, पूनम निषाद, जतिन रूपरेला, जिला सह कोषाध्यक्ष राजा अग्रवाल, डिगेश साहू, कार्यालय सह प्रमुख खुशाल ठाकुर, रोशन बग्गा, कन्या शक्ति संयोजिका निधि चन्द्राकर, सह संयोजिका सुश्री धनेश्वरी सोनवानी, उदय भानु सिंह, भाजयुमो महासमुंद शहर अध्यक्ष राकेश सचदेवा, महासमुंद ग्रामीण मंडल अध्यक्ष शुभम बाघ, सिरपुर मंडल अध्यक्ष उमेश गोल्डी साहू, शहर महामंत्री आयुष दुबे, तुमगांव मंडल महामंत्री लीलेश साहू, राजू साहू, विनय ठाकुर सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।