लोहिया चौक से स्टेशन रोड और एकता चौक से इमलीभाठा तक नई स्ट्रीट लाइटों का शुभारंभ

विधायक व नपाध्यक्ष ने किया लोकार्पण, कहा- सुरक्षा और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
महासमुंद। शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लोहिया चौक से स्टेशन रोड तथा एकता चौक से इमलीभाठा मार्ग तक नवीन स्ट्रीट लाइटों का शुभारंभ किया गया। इस कार्य का लोकार्पण महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में बीज निगम अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि किसी भी शहर की सुरक्षा और विकास के लिए बेहतर प्रकाश व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। नई स्ट्रीट लाइटों के लगने से रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा, वहीं व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों पर अंधेरे के कारण असुरक्षा का माहौल रहता था, वहां अब दूधिया रोशनी से उजाला होगा। यह केवल स्ट्रीट लाइटों का शुभारंभ नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और शहर के विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने के लिए नगर पालिका लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की विशेष पहल पर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। नई प्रकाश व्यवस्था के बाद शहर की सड़कें रात में जगमगाने लगी हैं। जहां पहले अंधेरे और सन्नाटे का माहौल रहता था, वहीं अब बच्चे रात में क्रिकेट और बैडमिंटन खेलते नजर आते हैं तथा महिलाएं अपने परिवार के साथ सुरक्षित माहौल में टहलने निकल रही हैं।
नगर पालिका द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों का उद्देश्य शहरवासियों को भयमुक्त वातावरण, बेहतर सुरक्षा, सुगम यातायात तथा रात्रिकालीन गतिविधियों के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराना है। नगर पालिका महासमुंद शहर के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति जय कुमार देवांगन, जितेंद्र ध्रुव एवं ज्योति रिंकू चंद्राकर, पार्षद हरबंश सिंह ढिल्लों, नानू भाई, माखन पटेल, नीरज चंद्राकर, पीयूष साहू, माधुरी धनीराम यदु, राहुल आवड़े, बड़े मुन्ना देवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े