स्कूल में छात्रों के विवाद के बाद बड़ों में मारपीट, मामला दर्ज
समझौता बैठक के दौरान छात्रा के मामा पर मारपीट और धमकी देने का आरोप
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के कोलिहादेवरी मिडिल स्कूल में विद्यार्थियों के बीच हुए विवाद को सुलझाने के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम धुमाभाठा निवासी धनुर्जय पटेल (37) ने पुलिस को बताया कि 19 जून को स्कूल के चपरासी प्रफुल्ल बंजारा ने उन्हें और उनके पुत्र को स्कूल बुलाया था। स्कूल पहुंचने पर पता चला कि एक छात्रा ने उनके पुत्र को थप्पड़ मारा था, जिसके जवाब में उनके पुत्र ने भी छात्रा को थप्पड़ जड़ दिया था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए स्कूल प्रबंधन, सरपंच और दोनों पक्षों को बुलाया गया था।
शिकायत के अनुसार दोपहर करीब 3.30 बजे समझाइश के दौरान छात्रा के मामा अमित प्रधान ने उनके पुत्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रेमचंद पटेल के साथ भी मारपीट की गई। वहीं छात्रा की मां पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
