डेढ़ साल पुराने मारपीट मामले में दो आरोपियों पर अपराध दर्ज

इलाज के दौरान युवक की हुई थी मौत
महासमुंद। सिटी कोतवाली पुलिस ने डेढ़ वर्ष पुराने मारपीट के एक मामले में दो लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामला एक मानसिक रूप से कमजोर युवक के साथ हुई कथित मारपीट से जुड़ा है।
प्रार्थी संतू नायक ने बताया कि उनका पुत्र शुभम नायक मानसिक रूप से कमजोर था और उसका इलाज चल रहा था। 24 नवंबर 2024 को दोपहर करीब 2 बजे उन्हें सूचना मिली कि शुभम जगत पान ठेला के पीछे एक पेड़ के नीचे घायल अवस्था में पड़ा है। परिजन उसे घर लाए तो उसके हाथ-पैर में चोट के निशान दिखाई दिए।
शिकायत के अनुसार शुभम ने बताया था कि नागेश राव ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी, जबकि सोहेल वारसी ने उसे पकड़ रखा था। इसके बाद उसे जिला अस्पताल, निजी अस्पताल और बाद में डीकेएस अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण निमोनिया बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।