बैंड पार्टी की पिकअप में ले जाए जा रहे 6 नाबालिग बाल श्रमिकों का रेस्क्यू
राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष ने तुमगांव में की त्वरित कार्रवाई, वाहन पर भी कार्रवाई के निर्देश
महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने महासमुंद जिले के प्रवास के दौरान बाल श्रम के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए छह नाबालिग बच्चों को श्रम कार्य में लगाए जाने से बचाया। तुमगांव थाना क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क पर एक पिकअप वाहन में बैंड पार्टी के साथ ले जाए जा रहे नाबालिग लड़कों को देखा, जिसके बाद तत्काल हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, डॉ. वर्णिका शर्मा ने मौके पर लगभग आधे घंटे तक रुककर पूरे मामले की निगरानी की। उन्होंने वहीं से स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (एसजेपीयू), जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी (डीसीपीओ) की टीम को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी छह नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया तथा आगे की कार्रवाई के लिए तुमगांव थाना भेजा।
आयोग अध्यक्ष ने बाल श्रम में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 06 जीएम 4266 के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों से श्रम कराना कानूनन अपराध है और इस प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने चाइल्डलाइन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में बच्चों को श्रम कार्यों में लगाए जाने जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि बाल श्रम बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास के अधिकारों का हनन है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग इस मामले में बाल अधिकार संरक्षण आयोग नियम, 2005 की धारा 13 तथा सहपठित धारा 14 के तहत संज्ञान लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेगा। डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनके सुरक्षित बचपन तथा बाल श्रम उन्मूलन के लिए आयोग पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
