पुलिस ने 120 वारंटियों को गिरफ्तार कर किया न्यायालय में पेश
5 दिवसीय विशेष अभियान में 29 स्थायी और 91 गिरफ्तारी वारंट तामील, 9 वर्ष पुराने वारंट का भी हुआ निष्पादन
महासमुंद। जिले में अपराध नियंत्रण और लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा 1 जून से 5 जून 2026 तक चले पांच दिवसीय अभियान के दौरान 120 वारंटियों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों में पेश किया। इनमें 29 स्थायी वारंटी और 91 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान स्थानीय न्यायालयों के साथ-साथ अन्य जिलों के न्यायालयों से प्राप्त वारंटों की भी तामील की गई। विशेष रूप से थाना सरायपाली क्षेत्र का वर्ष 2017 से लंबित 9 वर्ष पुराना स्थायी वारंट भी निष्पादित किया गया। इसके अलावा चेक बाउंस (एनआई एक्ट) के 7 वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
विभिन्न मामलों के वारंटियों पर कार्रवाई
तामील किए गए 29 स्थायी वारंटों में
आबकारी अधिनियम के 9, मारपीट एवं गाली-गलौच जैसे अन्य मामलों के 9, एनआई एक्ट के 8, दुर्घटना का 1, चोरी का 1 तथा एनडीपीएस एक्ट का 1 मामला शामिल है। सभी वारंटियों को विधिवत गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया गया।
अनुविभागवार कार्रवाई का विवरण महासमुंद
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के 8 स्थायी एवं 7 गिरफ्तारी वारंट है। इसी तरह थाना तुमगांव में 2 स्थायी एवं 1 गिरफ्तारी वारंट, थाना खल्लारी में 1 स्थायी एवं 3 गिरफ्तारी वारंट,
थाना बागबाहरा के 1 स्थायी एवं 10 गिरफ्तारी वारंट, थाना कोमाखान के 2 स्थायी एवं 10 गिरफ्तारी वारंट, थाना तेंदुकोना के 2 स्थायी एवं 2 गिरफ्तारी वारंट, थाना पिथौरा के 1 स्थायी एवं 4 गिरफ्तारी वारंट, थाना साकरा के 2 स्थायी एवं 9 गिरफ्तारी वारंट,
थाना पटेवा के 2 स्थायी वारंट, थाना बसना के 1 स्थायी एवं 14 गिरफ्तारी वारंट, थाना सरायपाली के 5 स्थायी एवं 13 गिरफ्तारी वारंट, थाना सिंघोड़ा के 2 स्थायी एवं 13 गिरफ्तारी वारंट, थाना बलौदा के 5 गिरफ्तारी वारंट शामिल है।
पहले चरण में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले 1 मई से 5 मई तक चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 65 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। लगातार दूसरे चरण में और अधिक प्रभावी कार्रवाई करते हुए इस बार 120 वारंटियों की गिरफ्तारी की गई है।
अपराधियों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि न्यायालयों द्वारा जारी स्थायी, जमानती वारंटों और समनों की त्वरित तामील सुनिश्चित की जा रही है। जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले तथा कानून से बचने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
