ग्राम लाफिनखुर्द में विधायक ने सुनी प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’

कारगिल विजय दिवस, युवाओं की उपलब्धियां, जल संरक्षण और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का दिया संदेश, भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद
महासमुंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को हुआ। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने ग्राम लाफिनखुर्द में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष वीरेंद्र ध्रुव के निवास पर कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ कार्यक्रम सुना। इस दौरान भाजपा के विभिन्न मोर्चों एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर वीर जवानों को नमन करते हुए देशवासियों से उनके शौर्य को याद रखने का आह्वान किया। उन्होंने भारतीय युवाओं की वैज्ञानिक उपलब्धियों, अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी रॉकेट विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण, रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक, जल संरक्षण के लिए ‘कैच द रेन’ अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, प्लास्टिक मुक्त गणेशोत्सव, स्थानीय उत्पादों और खादी को बढ़ावा देने, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि देने का भी आह्वान किया। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए देशवासियों से उनका उत्साहवर्धन करने की अपील की।

इन्हें भी पढ़े