बाइक से गांजा तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार
खट्टी मोड़ पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस की कार्रवाई, 3.160 किलो गांजा, बाइक और मोबाइल जब्त
महासमुंद। सिटी कोतवाली पुलिस ने बाइक से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.160 किलोग्राम गांजा, एक बाइक और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1.55 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बागबाहरा रोड की ओर से टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक क्रमांक सीजी 04 डीजेड 2188 में दो व्यक्ति बैग में गांजा लेकर महासमुंद की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने खट्टी मोड़ पर नाकाबंदी कर बाइक को रोककर जांच की।
पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम राधेश्याम दीवान (36) निवासी पठारीमुड़ा तथा पीछे बैठे युवक ने गोविंद पटेल (35) निवासी अनवरपुर बताया। दोनों ने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के ग्राम जामपानी निवासी भगत नायक उर्फ हरिलाल नायक से गांजा लाकर बिरकोनी निवासी रमा महिलांग को देने जा रहे थे।
पुलिस ने बैग से 3.160 किलो गांजा, मोबाइल फोन एवं बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
