हर घर तिरंगा अभियान की केंद्रीय समिति में सांसद रूपकुमारी चौधरी व अनुराग सिंह देव शामिल
11 से 15 अगस्त तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान, राज्यों के साथ समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी मिली
महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी “हर घर तिरंगा” एवं “तिरंगा यात्रा” अभियान के सफल संचालन, समन्वय और निगरानी के लिए केंद्रीय समन्वय समिति का गठन किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी अधिकृत पत्र के अनुसार महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग सिंह देव को समिति का सदस्य बनाया गया है।
समिति के संयोजक राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह हैं। इसमें पूर्व हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अनिल एंटनी, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, राजकुमार चाहर, पूर्व विधायक अनंत ओझा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। समिति पूरे देश में अभियान के लिए राज्यों और संगठनात्मक इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित करेगी।
भाजपा के कार्यक्रम के अनुसार 11 से 15 अगस्त 2026 तक देशभर में “हर घर तिरंगा” और “तिरंगा यात्रा” अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत तिरंगा यात्राएं, प्रभात फेरियां, बाइक रैलियां, युवा एवं महिला सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा स्कूल-कॉलेजों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के प्रति जागरूकता और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने रूपकुमारी चौधरी और अनुराग सिंह देव को केंद्रीय समिति में शामिल किए जाने को छत्तीसगढ़ और महासमुंद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसे प्रदेश नेतृत्व पर केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास का प्रतीक बताया है।
