तस्करों की नई तरकीब फेल: कटहल के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 125 किलो गांजा

पकड़े गए दो अंतरराज्यीय तस्कर, 70.93 लाख रुपये की गांजा, वाहन और मोबाइल जब्त
महासमुंद। ओडिशा से उत्तर प्रदेश गांजा की बड़ी खेप लेकर जा रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को महासमुंद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए पिकअप वाहन में कटहल के नीचे गांजा छिपा रखा था, लेकिन सटीक सूचना और पुलिस की मुस्तैदी के चलते उनका यह प्लान नाकाम हो गया। कार्रवाई में 125.700 किलोग्राम गांजा समेत करीब 70.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक यूपी-70 एलटी-0860 में दो व्यक्ति कटहल की आड़ में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष), निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा उसके साथ बैठे युवक ने अपना नाम लवकुश गौतम (22 वर्ष), निवासी बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया।
तलाशी के दौरान वाहन में लदे कटहल के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से कुल 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाया गया था और उसे प्रयागराज में खपाने की योजना थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 लाख 85 हजार रुपये मूल्य का गांजा, आठ लाख रुपये मूल्य का टाटा माजदा पिकअप वाहन तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 70 लाख 93 हजार रुपये आंका गया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (सी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

इन्हें भी पढ़े