चाय दुकान की आड़ में बिक रही थी शराब, दो भाइयों पर कार्रवाई
एनएच-53 किनारे टी स्टॉल में छापेमारी, 70 पाउच महुआ शराब जब्त
महासमुंद। सांकरा पुलिस ने चाय दुकान की आड़ में अवैध शराब बिक्री के कारोबार का खुलासा करते हुए दो भाइयों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बल्दीडीह स्थित एनएच-53 किनारे संचालित राहुल टी स्टाल में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान संचालक राहुल टंडन (27) निवासी सपोस से पूछताछ की।
तलाशी के दौरान दुकान से बिक्री के लिए रखी गई 70 झिल्ली देशी महुआ शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई शत्रुघ्न डड़सेना के साथ मिलकर शराब बेचता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है।
