साइकोमैट्रिक टेस्ट से विद्यार्थियों ने पहचानी अपनी क्षमता, करियर चयन के दिए गए प्रभावी टिप्स
गढ़सिवनी स्कूल में बढ़व संगवारी संस्था का करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, विशेषज्ञों ने व्यक्तित्व विकास
मानसिक स्वास्थ्य और स्मार्ट स्टडी पर किया मार्गदर्शन
महासमुंद। विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और व्यक्तित्व के अनुरूप सही करियर चुनने में मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से शनिवार को बढ़व संगवारी संस्था के तत्वावधान में शासकीय पदुमन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गढ़सिवनी में करियर काउंसलिंग एवं साइकोमैट्रिक टेस्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, व्यक्तित्व विकास, मानसिक स्वास्थ्य और प्रभावी अध्ययन पद्धति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक शिव कुमार वर्मा द्वारा साइकोमैट्रिक टेस्ट से हुई। इस परीक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता और व्यक्तित्व का आकलन कर उन्हें उपयुक्त करियर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया गया।
रामेश्वरी परगनिहा ने विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने तनावमुक्त रहकर पढ़ाई करने के उपाय बताते हुए सकारात्मक सोच और संतुलित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।
डॉ. राधेश्याम बघेल ने छात्रों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। वहीं चंद्रभूषण बागरिया ने विद्यार्थियों में साहस, आत्मविश्वास और जीवन कौशल विकसित करने पर जोर दिया तथा चुनौतियों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहने की सीख दी।
श्रीमती किरण बाला वर्मा ने स्मार्ट स्टडी के प्रभावी तरीके बताते हुए कम समय में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के व्यावहारिक सुझाव दिए। कार्यक्रम के अतिथि वक्ता समीर प्रधान ने “स्वयं को जानने के उपाय” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि जब तक विद्यार्थी अपनी ताकत और कमजोरियों को नहीं पहचानेंगे, तब तक वे सही करियर का चयन नहीं कर सकेंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए उपयोगी बताया।
