‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के अंतर्गत शहर में निकली भव्य साइकिल रैली

मिनी स्टेडियम से तुंगलडेम तक कलेक्टर, सीईओ, डीएफओ और जनप्रतिनिधियों ने चलाई साईकिल
सुकमा, 07 मई 2026/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार “फिट इंडिया मूवमेंट“ के अंतर्गत जिला प्रशासन के दवरा विश्व साइकिल दिवस का आयोजन किया गया। रविवार को सुबह 7 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में “संडेज ऑन साइकिल“ के थीम पर जिले के प्रशासनिक अधिकारी, नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र, पुलिस जवान और पत्रकारों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस अभियान का उद्देश्य आमजनों में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण प्रदूषण के रोकथाम तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम से सुबह 7 बजे एक भव्य साइकिल रैली का शुभारंभ हुआ, जो पटनमपारा और मस्तानपारा से होते हुए तुंगलडैम पहुँची, जहाँ सभी प्रतिभागियों के लिए नाश्ते का प्रबंध किया गया था। इस दौरान महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी ने पर्यावरण प्रदूषण को कम करने, शारीरिक क्षमता बढ़ाने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए साइकिल के नियमित उपयोग पर जोर दिया, साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण की अपील की। वहीं, जिला पंचायत सदस्य कोरसा सन्नू ने इस आयोजन को “फिट इंडिया मूवमेंट“ के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि तुंगलडैम को एक प्रमुख टूरिस्ट प्लेस के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे न केवल पर्यावरण का संवर्धन होगा बल्कि भविष्य में स्थानीय रोजगार को भी भारी बढ़ावा मिलेगा। इसी प्रकार से कलेक्टर और डीएफओ ने भी उपस्थित जनसमूह को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर अमित कुमार, जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर, डीएफओ अक्षय भोंसले, जिला खेल अधिकारी वीरूपाक्ष पौराणिक, जनसम्पर्क अधिकारी सुखसागर वारे सहित अन्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े