पशुपालन से बदली प्यारेलाल यादव की जिंदगी, डेयरी व्यवसाय बना आय का मजबूत साधन
बीजापुर 21 मई 2026/पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय ग्रामीण परिवारों के लिए आय का बेहतर माध्यम बनता जा रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ लेकर जिले के ग्राम मंगापेठा निवासी प्यारेलाल यादव ने भी अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।
प्यारेलाल यादव पूर्व में कृषि कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन सीमित आय के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसके बाद उन्होंने पशुधन विकास विभाग की राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना का लाभ लेकर वर्ष 2022-23 में दो गायों के पालन से डेयरी व्यवसाय की शुरुआत की।
दूध उत्पादन बढ़ने के साथ उनकी आय में लगातार वृद्धि हुई। व्यवसाय से होने वाली आय को बचत कर उन्होंने अतिरिक्त दो गायें खरीदीं। वर्तमान में उनके पास कुल 8 गौवशीय पशु हैं, इससे उन्हें सालाना लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है।
कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से उनकी गायों से तीन उन्नत नस्ल की बछियों का जन्म भी हुआ है, जिससे भविष्य में डेयरी व्यवसाय के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं।
प्यारेलाल यादव ने बताया कि पशुपालन से जुड़कर उन्हें नियमित आय का साधन मिला है और अब वे अपने व्यवसाय को धीरे-धीरे और बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने शासन की योजनाओं को ग्रामीणों के लिए लाभकारी बताते हुए अन्य किसानों एवं पशुपालकों से भी इसका लाभ लेने की अपील की है।
