सुशासन तिहार में मिला नवीनीकृत राशन कार्ड ग्राम बड़ेपनेड़ा की श्रीमती सीता वेक के चेहरे पर लौटी मुस्कान

दंतेवाड़ा, 21 मई 2026/प्रदेश के मुख्यमंत्री की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दंतेवाड़ा जिले के विभिन्न विकास खंडों एवं नगरीय निकायों में लगातार जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
इस क्रम में गीदम विकासखंड के ग्राम पंचायत बड़ेपनेड़ा में आयोजित सुशासन तिहार के तहत श्रीमती सीता वेक भी सुशासन तिहार शिविर से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों में शामिल हैं। लंबे समय से राशन कार्ड नवीनीकरण नहीं होने के कारण उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाली सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सुशासन तिहार शिविर की जानकारी मिलने पर उन्होंने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में अधिकारियों द्वारा उनके आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकता श्रेणी का नवीनीकृत राशन कार्ड जारी किया गया। राशन कार्ड प्राप्त होने के बाद श्रीमती सीता वेक ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि अब उन्हें शासन की योजना के तहत प्रतिमाह 35 किलो चावल 1 किलो शक्कर 2 किलो चना एवं 2 किलो गुड़ प्राप्त होगा। इससे उनके परिवार को खाद्यान्न की चिंता से राहत मिलेगी तथा घरेलू खर्च में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार ग्रामीणों के लिए बहुत उपयोगी पहल साबित हो रहा है। अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं बल्कि गांव में ही त्वरित समाधान मिल रहा है।