विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ, ग्रामीणों को स्वच्छता एवं शौचालय उपयोग के प्रति किया गया जागरूक
दंतेवाड़ा, 21 मई 2026/जिले में आज स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रोत्साहित करना तथा शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण एवं उपयोग सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में विभिन्न जनजागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विकासखंड समन्वयक, युवोदय टीम तथा स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्व सहायता समूह की दीदियों ने शौचालय नहीं होने से होने वाली समस्याओं एवं बीमारियों के बारे में जानकारी देते हुए ग्रामीणों को नियमित शौचालय उपयोग हेतु जागरूक किया।
इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत धुरली में विशेष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छ वातावरण निर्माण तथा शौचालय निर्माण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम के तहत पीआरए गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को खुले में शौच जाने से होने वाली बीमारियों एवं इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। इस अभियान में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव के निर्माण हेतु सभी से सहयोग करने की अपील की गई।
