गढ़फुलझर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 20 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न
नववधुओं को मिला मंगलसूत्र और ₹35 हजार की सहायता राशि
सामाजिक समरसता और पारंपरिक संस्कृति की दिखी झलक
महासमुंद। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत गढ़फुलझर स्थित श्री रणेश्वर रामचंडी मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बसना-सरायपाली क्षेत्र के 20 नवविवाहित जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर नववधुओं को मंगलसूत्र एवं 35 हजार की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री रणेश्वर रामचंडी माता के पूजन-दर्शन के साथ हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
योजना बेटियों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण
महिला एवं बाल विकास विभाग के सभापति प्रकाश सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रदेश सरकार की संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी योजना है, जो बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सहयोग और सादगी का सुंदर उदाहरण है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही योजना
भाजपा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। यह योजना बेटियों के सम्मान और उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक विवाह आयोजन समाज में भाईचारे, एकता और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
अतिथियों ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभाशीष देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, प्रशासन एवं सभी सहयोगियों को बधाई दी।
बड़ी संख्या में पहुंचे परिजन और गणमान्य नागरिक
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती गरिमा कैवर्त एवं उमा पटेल द्वारा किया गया। इस दौरान जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, सरायपाली सभापति श्रीमती उषा लव पटेल, बसना जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मिलाप निराला, परियोजना अधिकारी राम सिंह मिरी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सुपरवाइजर, नवदंपत्तियों के परिजन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान नवदंपत्तियों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। कार्यक्रम में पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकता और जनसहभागिता की सुंदर झलक देखने को मिली।
