लोहारडीह में लगा सुशासन तिहार समाधान शिविर, विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत करने का अभियान
महासमुंद। प्रदेशभर में संचालित सुशासन तिहार अभियान के तहत शुक्रवार को महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम लोहारडीह में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता से निराकरण किया जाएगा तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
स्टॉलों का किया अवलोकन, ग्रामीणों से की चर्चा
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा वहां मौजूद ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन की भावना के साथ कार्य कर रही है और समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से राज्य शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए ताकि पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
निर्धारित समय-सीमा में होगा आवेदनों का निराकरण
विधायक ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन और नागरिकों के बीच पारदर्शी संवाद स्थापित करना है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता ही सरकार की पहली प्राथमिकता है और प्रत्येक व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है।
डबल इंजन सरकार की योजनाओं का मिल रहा लाभ
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के हित में अनेक लोक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ आमजन तक पहुंच रहा है। राज्य सरकार सुशासन के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से लगातार विकास कार्य कर रही है।
