पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि निर्धारित
संस्थाओं के लिए प्रपोजल, सैंक्शन ऑर्डर व भुगतान प्रेषण की अंतिम तिथियाँ जारी
निर्धारित तिथि के बाद पोर्टल बंद, विद्यार्थियों के वंचित होने पर संस्था प्रमुख होंगे जिम्मेदार
गरियाबंद, 17 अप्रैल 2026/ जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, इंजिनियंरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, आई.टी.आई., पॉलिटेक्नीक आदि में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी जो विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखते हैं तथा इन संस्थाओं के प्राचार्यों, संस्था प्रमुखों एवं छात्रवृत्ति प्रभारियों को कहा गया है कि शिक्षा सत्र वर्ष 2025-26 के लिए ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही वेबसाईट पोस्ट मैट्रिक-स्कॉलरशिप डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन पर ऑनलाइन की जा रही है। संस्थाओं में पूर्व से लंबित प्रपोजल लॉक कर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास को प्रेषित करने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल 2026, शासकीय संस्था द्वारा सैंक्शन ऑर्डर लॉक करने की अंतिम तिथि 21 अप्रैल 2026, जिला कार्यालय द्वारा भुगतान के लिए राज्य कार्यालय को प्रेषित करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
निर्धारित तिथियों के पश्चात् शिक्षा सत्र 2025-26 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति ऑनलाईन आवेदन के लिए पोर्टल बंद कर दिया जायेगा। निर्धारित तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते है, तो इसके लिए संस्था प्रमुख स्वतः जिम्मेदार होंगे।
