करणी कृपा पावर प्लांट का संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, पर्यावरण व श्रम संबंधी खामियां उजागर

ईएसपी डस्ट के निस्तारण के निर्देश, श्रमिक रिकॉर्ड और ओवरटाइम में अनियमितता पर नोटिस की तैयारी
महासमुंद। जिला स्तरीय संयुक्त टीम द्वारा मेसर्स करणी कृपा पॉवर प्राईवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में जिला परिवहन अधिकारी रामकुमार ध्रुव, श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र, मुख्य रसायनज्ञ श्रीमती नीलिमा सोनकर, पर्यावरण विभाग के केमिस्ट जितेन्द्र सिंह एवं श्रम उप निरीक्षक बेलारसन बघेल उपस्थित रहे।
परिवहन विभाग की जांच
निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग द्वारा की गई जांच में कोई अनियमितता नहीं पाई गई। हालांकि प्लांट प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि सभी वाहन नेशनल हाईवे पर सही दिशा में ही संचालित किए जाएं और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें।
पर्यावरण संबंधी खामियां
पर्यावरण विभाग की जांच में प्लांट परिसर में ईएसपी डस्ट का अत्यधिक मात्रा में भंडारण पाया गया। इस पर उद्योग प्रबंधन को उक्त डस्ट के उचित एवं सुरक्षित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
श्रम विभाग की जांच और निष्कर्ष
श्रम विभाग द्वारा विभिन्न अधिनियमों—संविदा श्रमिक अधिनियम 1970, न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948, समान पारिश्रमिक अधिनियम 1976, वेतन भुगतान अधिनियम 1936 तथा अंतर्राज्यीय प्रवासी कर्मकार अधिनियम 1979 के अंतर्गत निरीक्षण किया गया।
फैक्ट्री में कुल 45 बाहरी प्रदेशों के कर्मचारी (40 कुशल, 5 अतिकुशल) पाए गए।
स्थानीय स्तर पर 310 कर्मचारी (अकुशल, अर्धकुशल, कुशल एवं अतिकुशल) नियोजित मिले। ठेकेदारों के माध्यम से 35 बाहरी और 250 स्थानीय कर्मचारी कार्यरत पाए गए।
पाई गई अनियमितताएं
कर्मचारियों से संबंधित आवश्यक रिकॉर्ड मौके पर प्रस्तुत नहीं किया गया। ठेकेदारों द्वारा ओवरटाइम कराया जाना पाया गया, लेकिन उसका रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था।
अंतर्राज्यीय प्रवासी कर्मकार अधिनियम 1979 के तहत आवश्यक जानकारी भी प्रस्तुत नहीं की गई। इन सभी मामलों में प्रबंधन एवं संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि संस्थान में आंतरिक परिवाद समिति का गठन किया गया है। संयुक्त निरीक्षण में जहां परिवहन व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, वहीं पर्यावरण प्रबंधन और श्रम कानूनों के पालन में कई कमियां सामने आई हैं, जिन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सुधार के निर्देश दिए हैं।

इन्हें भी पढ़े