शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक: योजनाओं की प्रगति पर जोर, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
सुशासन तिहार को लेकर तैयारियां तेज, अपार आईडी, जाति प्रमाण पत्र व पाठ्यपुस्तक वितरण पर विशेष फोकस
महासमुंद। जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे द्वारा जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं प्रशासनिक कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंडवार प्रगति की जानकारी ली और अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी सुशासन तिहार शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है, इसलिए शिक्षा विभाग से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपार आईडी एवं जाति प्रमाण पत्र निर्माण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही डीबीटी (डीबीटी) से जुड़े निष्क्रिय एवं इन ऑपरेटिव खातों की समीक्षा करते हुए उन्हें तत्काल सक्रिय करने तथा शेष राशि को नियमानुसार शासन के पक्ष में जमा करने के निर्देश दिए। इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने की बात भी कही गई।
नवीन शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समय पर पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करें और गणवेश वितरण में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखें।
इसके अलावा, विकासखंड स्तर पर संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से संचालित ऑनलाइन प्रशिक्षण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी शिक्षक एवं कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा में प्रशिक्षण पूर्ण करें, जिससे उनकी कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि हो सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने और जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएमसी रेखराज शर्मा, सहायक संचालक एन.के. सिन्हा, एडीपीओ प्रमोद कन्नौजे, बीईओ महासमुंद श्री लीलाधर सिन्हा, एबीईओ बागबाहरा रामता मन्नाडे, लोकेश्वर कंवर, पूर्णानंद मिश्रा एवं बीईओ टी.सी. पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
